भरथना (रिपोर्ट- तनुज श्रीवास्तव, 9720063658)- होली प्वाइण्ट एकेडमी भरथना में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में दीपोत्सव कार्यक्रम बड़े उत्साह एवं हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के जूनियर एवं सीनियर विंग के विद्यार्थियों के लिए रंगोली प्रतियोगिता तथा प्राइमरी विंग के विद्यार्थियों के लिए दीप सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा एवं कल्पनाशीलता का सुंदर प्रदर्शन किया।
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों, फूलों एवं सजावटी सामग्रियों का प्रयोग करते हुए आकर्षक एवं मनमोहक रंगोलियां बनाईं। वहीं प्राइमरी विंग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने दीपों को सुंदर ढंग से सजाकर अपनी कलात्मक अभिरुचि का परिचय दिया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी रंगोलियों और सुसज्जित दीपों से दीपोत्सव के उल्लास मय वातावरण में सराबोर हो उठा। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रधानाचार्य मनोज मिश्रा की उपस्थिति में कल्चरल डिपार्टमेंट के सदस्य दीपक सिंह चौहान, रीना शर्मा, आर्यन दीक्षित, एवं अनीता गुप्ता द्वारा किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, रंगों के संयोजन, मौलिकता एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर गहन विचार-विमर्श के बाद परिणाम घोषित किए।

रंगोली प्रतियोगिता में जूनियर विंग से गंगा हाउस ने प्रथम, सरस्वती हाउस ने द्वितीय तथा कृष्णा हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर विंग से कृष्णा हाउस ने प्रथम, गंगा हाउस ने द्वितीय तथा कावेरी हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार दीप सजाओ प्रतियोगिता में प्राइमरी विंग से जान्हवी एवं आराध्या ने प्रथम, आर्या पोरवाल व आख्या ने द्वितीय तथा व्रक्वी और लवी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय निदेशक डा0 प्रदीप चन्द्र पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में गौरव वर्मा, अरूण मोटवानी, अमित श्रीवास्तव, अनुराग दीक्षित, वरूण शाक्य, सुष्मिता पोरवाल, आनन्द तिवारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
