दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मनीषा चतुर्वेदी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के अंतर्गत कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों के लिए दीपावली कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कक्षा 2 के अनुराग ने प्रथम, पुंडरीक दुबे ने द्वितीय तथा अलेख्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के बीच आयोजित दीया डेकोरेशन प्रतियोगिता में कक्षा 5 के मोहम्मद अफजल प्रथम, कक्षा 3 की केया चतुर्वेदी द्वितीय तथा आयुष्मान तिवारी तृतीय स्थान पर रहे।
इसी क्रम में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए थाली डेकोरेशन प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें कक्षा 6 के तेजस ने प्रथम, कक्षा 8 के अर्नव ने द्वितीय तथा राहीम अंसारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। छात्राओं के बीच आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस ने प्रथम, रेड हाउस ने द्वितीय तथा येलो हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, सृजनात्मकता और कलात्मक कौशल का आकर्षक प्रदर्शन किया। विद्यालय का उद्देश्य इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आपसी सहयोग और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
