इटावा। कृषि उत्पादन मंडी समिति, इटावा में 6 नवंबर 2026 को धनतेरस के पावन अवसर पर स्वच्छ मंडी–शुभ मंडी अभियान के अंतर्गत भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने 1001 दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के अंतर्गत किसानों को उपहार वितरित किए गए। साथ ही मंडी परिसर में बेहतर कार्य करने वाले मंडी व्यापारियों एवं सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मंडी परिसर में स्वच्छता को बढ़ावा देना, किसानों को जागरूक करना तथा दीपावली के पर्व पर उत्सव और सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में दीपों की रोशनी के बीच स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
