इटावा 06 नवंबर, 2026-जनगणना 2027 द्वितीय चरण जनसंख्या की गणना के अंतर्गत जनगणना कवरेज के लिए जनगणना की तारीखों और प्रक्रिया का प्रचार करने के लिए सोशल मीडिया, स्थानीय प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, तथा इन्फ्लुएंसर्स के साथ विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में मुख्य विकास अधिकारी/अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के द्वितीय चरण की रूपरेखा, डिजिटल स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) और घर-घर जाकर की जाने वाली गणना प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि भारत की जनगणना-2027 के तहत इस बार नागरिकों को अपनी गणना स्वयं करने की डिजिटल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। स्व-गणना की अवधि आगामी 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है, जिसके दौरान कोई भी नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर आवश्यक विवरण भरकर पंजीकरण एवं लॉगिन की प्रक्रिया पूरी कर सकता है। पोर्टल पर नागरिकों को अपने परिवार और परिवार के सभी सदस्यों की जानकारियां पूरी सावधानीपूर्वक ऑनलाइन दर्ज करनी होंगी। स्व-गणना सफलतापूर्व पूर्ण होने पर एक स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) जनरेट होगी, जिसे नागरिकों को सुरक्षित रखना होगा तथा प्रगणक के घर आने पर उन्हें अपनी यह SE ID उपलब्ध करानी होगी।
मुख्य विकास अधिकारी/अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बैठक में कहा कि देश में 16वीं जनगणना का यह कार्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय महत्व का है। प्रथम चरण में सभी मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्व संपन्न हो चुका है, और अब द्वितीय चरण के तहत आगामी 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर नागरिकों की गणना करेंगे। इस पूरी गणना प्रक्रिया में कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसके सुचारू संचालन के लिए प्रगणकों का प्रशिक्षण तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलने वाली स्व-गणना अवधि में नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से उन 40 प्रश्नों के उत्तर भरकर अपनी गणना खुद कर सकते हैं। इसके उपरांत, 01 दिसंबर से जब प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, तो वे नागरिकों की स्व-गणना का सत्यापन कर उसे अंतिम रूप (फाइनल) दे देंगे।
मुख्य विकास अधिकारी/अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी ने विशेष रूप से अवगत कराया कि इस बार की जनगणना में जाति की गणना भी की जा रही है, जिसके अंतर्गत जो व्यक्ति जो भी अपनी जाति बताएगा, प्रगणक द्वारा वही जाति दर्ज कर ली जाएगी। प्रशासन ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में स्व-गणना प्रक्रिया का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और घर आने वाले प्रगणकों को सही व सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं।
उक्त बैठक में अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी बिपिन कुमार, जिला जनगणना प्रभारी सुश्री पुलकिता शर्मा, स्टेट मास्टर ट्रेनर श्री संतोष कुमार शर्मा, समस्त तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
