दीपावली के त्योहार पर मिलावटखोरी और एक्सपायर खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को ऊसराहार में बड़ी कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी ताखा विजय प्रकाश मिश्रा के निर्देश पर तहसीलदार हरीलाल और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने तीन दुकानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान एक किराना स्टोर से 120 लीटर सरसों का तेल सीज किया गया, जबकि दुकान के ऊपर बने दो कमरों को भी सीज कर दिया गया। किराना स्टोर से दो कुंतल से अधिक एक्सपायर मसाले, नमकीन और मिठाई बरामद हुई, जिन्हें नष्ट कराया गया। अभियान के दौरान करीब छह कुंतल मिठाई, छेना, पतीसा और एक्सपायर खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

ऊसराहार थाना क्षेत्र के भरतिया में एसडीएम विजय प्रकाश मिश्रा के निर्देश पर पहले हुई कार्रवाई में 900 लीटर तेल और रिफाइंड सीज किए जाने के बाद से क्षेत्र में खाद्य कारोबारियों के बीच हलचल बनी हुई है। बुधवार को तहसीलदार ताखा हरीलाल और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार अपनी टीम के साथ ऊसराहार पहुंचे। तहसीलदार के निर्देश पर ऊसराहार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

टीम ने सबसे पहले विशाल स्वीट हाउस से खोवा का नमूना लिया। इसके बाद दुर्गा स्वीट हाउस से छेना का सैंपल भरा गया। इसके बाद टीम ने जेके किराना स्टोर पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं मिला। दुकान और ऊपर बने कमरों में बड़ी मात्रा में एक्सपायर मसाले, मिठाई, नमकीन और तंबाकू सहित अन्य सामान रखा मिला।
तहसीलदार हरीलाल ने बताया कि दुकान का लाइसेंस वैध नहीं पाया गया है। वर्ष 2025 के बाद उसका नवीनीकरण नहीं कराया गया था। दुकान से दो कुंतल से अधिक एक्सपायर मसाले, मिठाई और नमकीन बरामद हुई, जिन्हें नष्ट कराया गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि दुकान से 120 लीटर सरसों का तेल सीज किया गया है। काफी मात्रा में तंबाकू भी बरामद हुई है। दुकान के ऊपर बने दो कमरों में रखे सामान को सीज करने के लिए दोनों कमरों को बंद कर दिया गया है। बिना वैध लाइसेंस के खाद्य पदार्थों की बिक्री करना नियमों के विरुद्ध है। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
वहीं किराना व्यापारी जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि उन्होंने दुकान के लाइसेंस का नवीनीकरण कराने के लिए आवेदन किया था, लेकिन किन्हीं कारणों से प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। वह त्योहार के बाद दोबारा आवेदन करने वाले थे।
जेके किराना स्टोर पर कार्रवाई के बाद जब खाद्य सुरक्षा टीम बाजार की अन्य दुकानों की जांच के लिए निकली तो छापेमारी की खबर से ऊसराहार बाजार में हड़कंप मच गया। कई मिठाई और किराना दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर चले गए। बाजार में अचानक सन्नाटा छा गया और लोगों को पानी की बोतल तक खरीदने में परेशानी हुई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि ऊसराहार में पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं, जबकि जसवंतनगर में भी तीन नमूने भरे गए हैं। इनमें नीलकंठ मिष्ठान भंडार से एक नमूना तथा दूध और मावा के अलग-अलग नमूने शामिल हैं। जसवंतनगर में मिठाई की दुकानों से करीब चार कुंतल ऐसी मिठाई बरामद हुई, जो खाने योग्य नहीं थी, फिर भी दुकानों पर बिक्री के लिए रखी गई थी। उसे भी नष्ट कराया गया।
उपजिलाधिकारी विजय प्रकाश मिश्रा ने क्षेत्र के सभी दुकानदारों से अपील की कि त्योहारों पर मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री बेचने से बचें। कुछ पैसों के लालच में अपने ग्राहकों की जिंदगी से खिलवाड़ न करें। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
