खाद की किल्लत के बीच केंद्रों पर उमड़ रही किसानों की भीड़ को देखते हुए मंगलवार को एसडीएम विजय प्रकाश मिश्रा खुद मैदान में उतर आए। उन्होंने खाद वितरण केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अपनी मौजूदगी में किसानों को कतारबद्ध कराकर पारदर्शिता के साथ खाद का वितरण कराया। एसडीएम की पहल पर किसानों ने अनुशासन के साथ अपनी बारी का इंतजार किया और खाद प्राप्त की।

मंगलवार को ताखा क्षेत्र के चार सरकारी केंद्रों किसान सहकारी संघ ऊसराहार, किसान सहकारी संघ ताखा, सहकारी समिति ताखा और राजकीय बीज भंडार सरसईनावर पर डीएपी का वितरण किया गया।

किसानों की भीड़ और खाद वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उपजिलाधिकारी विजय प्रकाश मिश्रा ने किसान सहकारी संघ ताखा और सहकारी समिति ताखा का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उन्हें कतार में लगकर अपनी बारी आने पर खाद लेने की अपील की। एसडीएम ने किसानों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में 50 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है और कोई भी किसान खाद लिए बिना वापस नहीं लौटेगा।
केंद्र के सचिव सुरजीत सिंह ने बताया कि दोनों केंद्रों पर सोमवार को 900 बोरी डीएपी का वितरण किया गया था। मंगलवार को भी केंद्रों पर खाद वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं एसडीएम ने राजकीय बीज भंडार केंद्र सरसईनावर पहुंचकर वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया और अपनी मौजूदगी में किसानों को खाद वितरित कराई।
एसडीएम विजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि ताखा क्षेत्र में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। सोमवार को सभी केंद्रों पर करीब 1300 बोरी डीएपी का वितरण किया गया था, जबकि मंगलवार को भी 50 मीट्रिक टन खाद वितरित की जा रही है। किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी और सभी केंद्रों पर पारदर्शिता के साथ वितरण सुनिश्चित कराया जा रहा है।
