पिछले वर्ष नौ विद्यार्थियों ने हासिल की थी सफलता, इस बार रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद; नए शैक्षिक सत्र में 139 नए नामांकन के साथ जनपद में बना पहले स्थान पर
ऊसराहार। सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत संकल्प, शिक्षकों की मेहनत और बेहतर शैक्षिक प्रबंधन के दम पर पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय समथर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में इस बार विद्यालय के 21 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया है। पिछले वर्ष इसी विद्यालय के नौ बच्चों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर जनपद में सर्वाधिक सफलता हासिल की थी। ऐसे में इस बार विद्यालय परिवार को अपने पिछले रिकॉर्ड से भी बेहतर परिणाम की उम्मीद है।
प्रधानाध्यापक अनिल दुबे के नेतृत्व में विद्यालय में छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष शैक्षिक कार्यक्रम संचालित किया गया। इसके तहत शिक्षकों को उनके विषय के अनुसार विद्यार्थियों की तैयारी कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रधानाध्यापक स्वयं भी बच्चों के मार्गदर्शन और अभ्यास में अतिरिक्त समय दे रहे हैं। परीक्षा की तैयारी से लेकर आवेदन प्रक्रिया और नियमित अभ्यास परीक्षाओं तक की पूरी जिम्मेदारी विद्यालय स्तर पर निभाई जाती है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए पूरे इटावा जनपद को प्रदेश स्तर से महज 184 सीटें आवंटित हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के एक विद्यालय से 21 विद्यार्थियों का परीक्षा में शामिल होना और पिछले वर्ष नौ बच्चों का सफल होना विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों को दर्शाता है।
विद्यालय में विद्यार्थियों की तैयारी के साथ उनकी सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। परीक्षा केंद्र तक आने-जाने की व्यवस्था से लेकर बच्चों के नाश्ते और भोजन तक की जिम्मेदारी विद्यालय परिवार उठाता है। प्रधानाध्यापक अनिल दुबे भी अपने स्तर से बच्चों की सुविधाओं के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। शिक्षकों की टीम और विद्यार्थियों के बीच आपसी विश्वास विद्यालय की सफलता का प्रमुख आधार बना हुआ है।
शैक्षिक उपलब्धियों के साथ नए नामांकन के मामले में भी पीएम श्री समथर विद्यालय ने जनपद में अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रधानाध्यापक अनिल दुबे ने बताया कि नए शैक्षिक सत्र में विद्यालय में 139 नए बच्चों का नामांकन हुआ है, जो पूरे जनपद में सर्वाधिक है। लगातार बढ़ती छात्र संख्या और प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की शानदार भागीदारी ने विद्यालय को ताखा क्षेत्र के एक आदर्श शैक्षिक संस्थान के रूप में स्थापित किया है।
