भरथना- आगामी जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कस्बा के मुहल्ला बृजराज नगर स्थित रणवीर नीलम महाविद्यालय में तहसील स्तरीय (ग्रामीण) जनगणना कार्य के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 735 जनगणना कार्मिकों को 15 अलग-अलग बैचों में विभाजित कर फील्ड ट्रेनर्स द्वारा विस्तृत रूप से प्रशिक्षण प्रदान करने का क्रम अनवरत जारी है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनगणना कार्मिकों को जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों, प्रपत्रों के संकलन, सूचनाओं के सही अंकन, डिजिटल माध्यम से कार्य संपादन तथा जनगणना के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है। साथ ही कार्मिकों को उनके दायित्वों एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उक्त सम्बन्ध में तहसीलदार भरथना हर्ष निशांत ने बताया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक कार्मिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसको दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित कार्मिकों को निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में कार्य करते समय किसी प्रकार की कठिनाई न हो और जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उपजिलाधिकारी/उप जिला जनगणना अधिकारी काव्या सी के पर्यवेक्षण में दिनांक 26 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण की नियमित निगरानी करते हुए सभी बैचों में कार्मिकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्मिकों को कार्य की प्रत्येक बारीकी से अवगत कराना, उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि करना तथा आगामी जनगणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयार करना है। प्रशासन द्वारा सभी जनगणना कार्मिकों से अपेक्षा की गई है कि वे प्रशिक्षण में पूर्ण गंभीरता एवं सक्रियता के साथ प्रतिभाग करते हुए प्राप्त निर्देशों का अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें।
