खाद की किल्लत और कालाबाजारी की आशंकाओं के बीच उपजिलाधिकारी विजय प्रकाश मिश्रा की सख्ती से किसानों को राहत मिलने लगी है। प्रशासन की निगरानी में दो दिनों के अंदर किसानों को ढाई हजार बोरी डीएपी वितरित की जा चुकी है। बुधवार को एसडीएम ने ऊसराहार और उदेतपुरा स्थित निजी इफ्को केंद्रों का औचक निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता और बिक्री व्यवस्था परखी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसानों से निर्धारित कीमत से अधिक रुपये वसूलने वाले दुकानदारों और केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार को उपजिलाधिकारी विजय प्रकाश मिश्रा ने ऊसराहार स्थित अदिति एग्रीकल्चर पर अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने दुकान पर मौजूद किसानों से खाद की बिक्री और निर्धारित कीमत के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें तय कीमत पर ही खाद मिल रही है। एसडीएम ने दुकान में उपलब्ध खाद के स्टॉक की जानकारी लेने के साथ ही वहां रखी कृषि दवाओं का भी निरीक्षण किया और उनकी एक्सपायरी तारीख जांची।

इसके बाद एसडीएम ने मामन के उदेतपुरा स्थित निजी इफ्को केंद्र का निरीक्षण किया। यहां मौजूद किसानों से बातचीत कर खाद वितरण की स्थिति जानी। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि ताखा क्षेत्र में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। सभी केंद्रों पर लगातार खाद पहुंचाई जा रही है, इसलिए किसान धैर्य बनाए रखें और अपनी बारी आने पर खाद प्राप्त करें।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि ताखा के चार सरकारी केंद्रों पर सोमवार और मंगलवार को ढाई हजार बोरी डीएपी किसानों को वितरित की गई है। किसानों की जरूरत के अनुसार खाद की आपूर्ति बनाए रखने के लिए दोबारा डिमांड भी भेजी गई है। खाद वितरण का सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि किसान निजी इफ्को केंद्रों से भी खाद खरीद सकते हैं। वहां भी निर्धारित सरकारी कीमत पर ही खाद बेची जाएगी।
एसडीएम ने सभी खाद विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों को निर्धारित कीमत से अधिक रेट पर खाद बेचने या अतिरिक्त वसूली करने की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई केंद्र प्रभारी या दुकानदार तय कीमत से अधिक रुपये मांगता है तो किसान सीधे उनसे शिकायत करें। किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
