बम्हनीपुर ग्राम पंचायत के राशन उपभोक्ताओं को अब सरकारी राशन लेने के लिए कोटेदार के घर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मनरेगा योजना के तहत गांव में बनाए गए अन्नपूर्णा भवन में ही अब राशन विक्रेता उपभोक्ताओं को खाद्यान्न वितरित करेगा। बुधवार को उपजिलाधिकारी ताखा विजय प्रकाश मिश्रा ने नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि अन्नपूर्णा भवन बनने से ग्रामीणों को सरकारी राशन प्राप्त करने में काफी सहूलियत होगी। अब उपभोक्ताओं को एक ही निर्धारित स्थान पर राशन मिल सकेगा। इससे वितरण व्यवस्था अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित होगी तथा ग्रामीणों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
उन्होंने सतगुरु स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित राशन की दुकान के सदस्यों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता के साथ खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि सभी पात्र उपभोक्ताओं को समय से राशन उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए निर्धारित समय पर दुकान पर समूह के सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य है, ताकि किसी भी उपभोक्ता को राशन प्राप्त करने में परेशानी न हो।
इस दौरान ग्राम प्रधान शिवा तिवारी, प्रधान प्रतिनिधि प्रशांत तिवारी और सप्लाई इंस्पेक्टर सुजीत तोमर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
