जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने 16 नवम्बर 2026 को कलेक्ट्रेट परिसर से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा एवं वृहद रोजगार मेले के प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई तथा आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। जिलाधिकारी ने कहा कि समय बहुमूल्य है, परंतु जीवन अमूल्य है। समय बचाने के लिए तेज गति से वाहन चलाकर अपने जीवन एवं दूसरों के जीवन को खतरे में न डालें। सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं। नशे अथवा नींद की स्थिति में वाहन न चलाएं तथा सुरक्षित स्थान सुनिश्चित होने पर ही ओवरटेक करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने वृहद रोजगार मेले के प्रचार वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि वृहद रोजगार मेला 20 नवम्बर 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज, इटावा में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले में 50 से अधिक कंपनियों के प्रतिभाग करेंगी तथा 3,000 से अधिक रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों के चयन किया जाएगा। इसमें 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, कौशल विकास, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा एवं कंप्यूटर संबंधी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।
जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना पर बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना का कार्य 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा, स्व-गणना के पश्चात 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि में स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज करें तथा जनगणना के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। उक्त कार्यक्रम के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उपजिलाधिकारी न्यायिक राकेश, ए0आर0टी0ओ हुमा परवीन सहित संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
