जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की योजना बना रहे चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण तथा 10,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस टीम ने रेलवे कॉलोनी स्थित पानी की टंकी परिसर में छापेमारी कर चार संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी की वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण तथा 10,000 रुपये नकद बरामद हुए।
यह कार्यवाही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी अभय नारायण राय के नेतृत्व में की गई। अभियान में थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक शंकरानन्द, उप निरीक्षक दीपक, उप निरीक्षक सौरभ सिंह तथा उनकी पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। समय रहते कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
