इटावा में सुरा स्वराज पार्टी (रजि. नहीं) ने मांगो को लेकर दी आन्दोलन की चेतावनी

Share This

सामाजिक न्याय, स्वतंत्रता और बराबरी की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले लोग आखिर कब देश की सबसे देशभक्त बिरादरी यानी शराबी समाज के साथ बराबरी का व्यवहार करेंगे? यह सवाल आज इटावा की गलियों में गूंजता रहा। क्योंकि सुरा स्वराज पार्टी (रजि. नहीं) के स्वघोषित राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलदार भाई ने इस “अमानवीय व्यवहार” के खिलाफ लंबी लड़ाई का ऐलान कर दिया है।

दिलदार भाई ने इटावा लाइव से विशेष बातचीत में बताया कि जब पूरा देश कोरोना काल में आर्थिक संकट से जूझ रहा था, तब एक वही समाज था जो सामाजिक दूरी की धज्जियां नहीं, बल्कि लाइन की मर्यादा निभाते हुए सरकारी दुकानों के बाहर खड़ा था। घंटों की प्रतीक्षा, पसीने से तरबतर चेहरे, और जेब से सीधे राजस्व विभाग तक जाती देशभक्ति — यह योगदान इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाना चाहिए।

उन्होंने गर्व से कहा कि “देश की एकोनॉमी को अगर किसी ने वेंटिलेटर से हटाकर खड़ा किया तो वह हमारे त्यागी साथियों ने। जब उद्योग बंद थे, तब ठेका खुला था; जब ऑफिस बंद थे, तब देशभक्ति चालू थी।” उनका मानना है कि इतनी टैक्स देने वाली बिरादरी को समाज में जो अपमान झेलना पड़ रहा है, अब उस पर मौन रहना देशद्रोह जैसा लगेगा।

आज अध्यक्ष दिलदार भाई ने शुभ्रांत कुमार शुक्ल, जिलाधिकारी इटावा, को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपते समय उनकी आंखों में आंसू और हाथ में हल्की कंपन थी, जिसका कारण भावनाएं थीं या पिछली रात की बैठक यह स्पष्ट नहीं हो पाया। जिलाधिकारी महोदय ने अपने उद्बोधन में गंभीरता से स्वीकार किया कि “यह सत्य है कि शराबी समाज से सरकार को अत्यंत महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होता है।” साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि “आपका मांगपत्र पढ़ने में थोड़ी कठिनाई हो रही है, कृपया इसे तसल्ली से दोबारा लिखकर लाएं।” इस पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने आश्वासन दिया कि अगली बार लिखावट के साथ शब्द भी सीधे होंगे।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस होली पर पुलिस शराबी भाइयों से “बहुत ही प्यार से पेश” आएगी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर सुरा स्वराज पार्टी (रजि. नहीं) का कोई सदस्य होली की खुशी में हद पार करता है, तो उसे कानून भी बराबरी से गले लगाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम ने ज्ञापन पर नजर डालते हुए कहा कि “आपकी मांगें विकास कार्यों से संबंधित नहीं लगतीं।” मौखिक बातचीत में उन्होंने शराबी समाज की तर्कशक्ति की सराहना जरूर की, लेकिन फाइल आगे बढ़ाने में अपनी असमर्थता जता दी।

वहीं अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने इस पूरे प्रकरण पर कुछ भी कहने से दृढ़ता के साथ इंकार कर दिया। पत्रकारों ने जब सुरा स्वराज पार्टी (रजि. नहीं) की मांगों पर उनका पक्ष जानना चाहा, तो उन्होंने इतना ही कहा कि “प्रशासन आपके बलिदान से भलीभांति अवगत है। हालांकि उनके इस संयमित मौन को पार्टी कार्यकर्ताओं ने “मौन समर्थन” करार दिया।

दिलदार भाई का आरोप है कि देश की आधी आबादी यानी महिलाएं सुरा स्वराज पार्टी (रजि. नहीं) के प्रति अत्यधिक कठोर रुख रखती हैं। उन्होंने कहा, “हमें समझाया नहीं जाता, सीधे समझ लिया जाता है।” हालांकि इस विषय पर उन्होंने ज्यादा बोलने से परहेज किया, क्योंकि घर की शांति राष्ट्रीय शांति से कम महत्वपूर्ण नहीं होती।

पार्टी की मुख्य मांगों में “शराबी सम्मान दिवस”, “लाइन में खड़े होने की देशभक्ति पदक योजना” और “घर देर से आने पर मानवीय व्यवहार अधिनियम” शामिल हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब किसान, मजदूर और कर्मचारी दिवस हो सकता है, तो शराबी दिवस क्यों नहीं?

दिलदार भाई ने यह भी दावा किया कि शराबी समाज सबसे बफादार होता है — “ब्रांड बदल सकता है, पर दोस्ती नहीं।” उन्होंने बताया कि त्याग, धैर्य और निरंतर कर-भुगतान ही उनकी पहचान है। शहर में इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे व्यंग्य मान रहे हैं, तो कुछ इसे “राजस्व क्रांति” की शुरुआत बता रहे हैं।

अंत में दिलदार भाई ने कहा, “हम बराबरी नहीं, बस थोड़ी नरमी चाहते हैं। अगर सामाजिक न्याय सबके लिए है, तो हमारे लिए भी होना चाहिए। हम देश के वफादार टैक्सपेयर्स हैं, बस हमारा चाल ढाल थोड़ा टेढ़ा है।” अब देखना यह है कि सुरा स्वराज पार्टी (रजि. नहीं) की यह लंबी लड़ाई समाज में नई समझ पैदा करेगी या अगली बैठक तक सीमित रह जाएगी। फिलहाल इटावा की फिजाओं में एक नारा जरूर गूंज रहा है — “देशभक्ति में जोश है, हाथ में खाली ग्लास है!”

Happy Holi🍻

Share This
अपनी खबर या कोई समस्या इटावा लाइव पर निशुल्क प्रकाशित करने हेतु हमें Whatsapp - 7017070200, Email – etawah.news@gmail.com पर जरुर भेंजें।

Read more

वोट करें

हमारा इटावा

इटावा कि‍ले पर हुआ लोदि‍या का अधि‍कार, इब्राहि‍म लोहानी बने गवर्नर

1487 ई0 में जौनपुर तथा दि‍ल्‍ली  के लोदी वंश के बीच पुन:संधि‍  टूट गई। इटावा में बहलोल लोदी  तथा जौनपुर की  ओर से हुसैन...

शिक्षाविद

सफल उद्यमी से शिक्षाविद् : अतिवीर सिंह यादव का अनोखा सफ़र

अतिवीर सिंह यादव एक ऐसे प्रख्यात व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने परिश्रम और संघर्ष से शिक्षा के क्षेत्र में अपना नाम रोशन किया हैं। अतिवीर सिंह...

राजनीतिज्ञ

नीतू नारायन मिश्रा : जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा एवं आदर्श समाजसेविका  

नीतू मिश्रा का जन्म 12 अगस्त 1987 को इटावा जिले में हुआ। उनके पिता का नाम विनोद शर्मा हैं और माता का नाम मीरा...

प्रशासनिक अधिकारी

अजय कुमार गौतम(IAS), मुख्य विकास अधिकारी, इटावा, कवि हृदय और एक कुशल प्रशासक

शिक्षा और प्रारंभिक जीवन: अजय कुमार गौतम का जन्म 11 सितंबर 1995 को सिद्धनगर, गंजडुंडवारा, कासगंज, उत्तर प्रदेश में हुआ। उनकी शिक्षा बाबा कढ़ेरा सिंह...

प्रमुख संस्थान

हर अवसर के लिए परफेक्ट साड़ी और सूट – सरदार जी साड़ी हाउस, इटावा

इटावा की प्रसिद्ध सुपर मार्केट, तिकोनिया में स्थित "सरदार जी साड़ी हाउस" एक ऐसा प्रतिष्ठान है जहाँ फैंसी साड़ियों और सलवार सूट की शानदार...

चिकित्सक

डॉ. मनीष कुमार: इटावा में वैदिक पद्दति से इलाज करने वाले आयुर्वेदिक चिकित्सक

आयुर्वेद, भारतीय लोगों के जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखने के लिए सदियों से जानी जाती हैं। इसी को आधार बनाकर जनपद इटावा...

चर्चित व्यक्तिव

राजनीति, कर्मचारी आंदोलन और शिक्षा, हरि किशोर तिवारी की बहुआयामी पहचान

इंजीनियर हरि किशोर तिवारी का नाम उत्तर प्रदेश के कर्मचारी आंदोलन, राजनीति और शिक्षा जगत में एक जाना-पहचाना नाम है। उन्होंने साधारण पृष्ठभूमि से...

पत्रकार

विशुन चौधरी: पत्रकारिता में उत्कृष्टता के साथ प्रेस क्लब की स्थापना में सहयोगी

विशुन कुमार चौधरी का जन्म 26 जनवरी 1962 को पुराना शहर इटावा में मोहल्ला शाहग्रान में हुआ। यह मोहल्ला छिपैटी और पुरबिया टोला के...

टॉप आर्टिकल्स

शरद तिवारी की अनमोल सेवा, लावारिस शवों को दिलाई गरिमामयी विदाई

शरद तिवारी: एक समर्पित समाजसेवी इटावा में शरद तिवारी का नाम समाज सेवा और मानवता के प्रति उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए जाना जाता है।...

व्यवसायी

सर्वेश यादव : एक समर्पित समाजसेवी और सुरक्षा एजेंसी के प्रबंधक

सर्वेश यादव, जनपद इटावा ही नहीं पूरे प्रदेश की सबसे भरोसेमंद सिक्योरिटी एजेंसी "एस.के. ग्रुप ऑफ सिक्योरिटी सर्विस" के प्रबंधक हैं। वे एक व्यवहार...

समाजसेवी

रूबी शर्मा: इटावा की एक प्रेरणादायक समाजसेवी

रूबी शर्मा, एक समर्पित और प्रेरणादायक समाजसेवी, जनपद इटावा में अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए जानी जाती हैं। वे नेकी मानव सेवा संस्थान की...

पूर्व अधिकारी

अभिनव रंजन श्रीवास्तव एक प्रभावी प्रशासनिक अधिकारी और कुशल टीम प्रबंधक

उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक सेवा में अपनी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन से पहचान बनाने वाले इटावा के अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव आज...