वन्य जीव संरक्षण के प्रति आम जनमानस में जागरूकता लाने के उद्देश्य से इटावा सफारी पार्क में मनाए जा रहे वन्य प्राणी सप्ताह 2025 (02 से 08 अक्टूबर) के तीसरे दिन वन्यजीव संरक्षण विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में जनपद इटावा के 11 स्कूलों के कुल 53 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता को तीन वर्गों — जूनियर, मध्यम और सीनियर — में विभाजित किया गया था, जिसमें विद्यार्थियों ने वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
निबंध प्रतियोगिता का आयोजन लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल के सहयोग से संपन्न कराया गया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को वन्य प्राणी सप्ताह के अंतिम दिन समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
सफारी पार्क प्रशासन के अनुसार, 5 अक्टूबर को वन्य प्राणी सप्ताह के चौथे दिन “नेचर वॉक” और “सारस गोष्ठी” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों और प्रकृति प्रेमियों को वन्य जीवन से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
