फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 99वें संस्करण का आयोजन रविवार को देशभर के 26,000 स्थानों पर किया गया। संविधान दिवस की थीम पर आधारित इस आयोजन ने फिटनेस, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में सामूहिक भागीदारी के संदेश को और मजबूत किया।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल तथा श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर स्थित दांडी कुटीर और महात्मा मंदिर में समारोह का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों, खिलाड़ियों और फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों के साथ मिलकर सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया।
डॉ. मांडविया ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं का फिट, स्वस्थ और नशामुक्त होना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से साइकिल चलाने को अपना जुनून बनाने और इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
डॉ. मांडविया ने घोषणा की कि 29 नवंबर 2026 को संडेज ऑन साइकिल का 100वां संस्करण देश में ओलंपिक आंदोलन का जश्न मनाएगा। यह ऐतिहासिक संस्करण ओलंपिक मूल्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और नागरिकों, विशेषकर युवाओं के बीच खेल और शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के संकल्प को दोहराएगा।
गांधीनगर में समारोह की शुरुआत सुबह 6:30 बजे दांडी कुटीर में सामूहिक जुंबा सत्र के साथ हुई। इसके बाद महात्मा मंदिर तक और वापस ढाई किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली गई। अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस पदक विजेता आध्या तिवारी, जय मीना और अनिकेत पटेल भी समारोह में शामिल हुए और अपनी खेल उपलब्धियों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रेरित किया।
फिट इंडिया के ब्रांड एंबेसडर राकेश सैनी और भीष्म माधानी के साथ-साथ फिट इंडिया चैंपियन भानु और उर्वी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। यह कार्यक्रम भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र, गांधीनगर द्वारा आयोजित किया गया और नागरिकों, खिलाड़ियों और फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों ने भाग लिया।

भारतीय जनता पार्टी (BJP)
समाजवादी पार्टी (SP)
बहुजन समाज पार्टी (BSP)
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Congress)