जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा द्वारा प्रस्तावित साइबर थाने की भूमि का विधि-विधान से पूजन किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराध आधुनिक समय की गंभीर चुनौती बन चुके हैं, जिनसे निपटने के लिए विशेष संसाधनों और तकनीकी रूप से सशक्त पुलिस तंत्र की आवश्यकता है। प्रस्तावित साइबर थाना स्थापित होने से ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अपराध, बैंकिंग फ्रॉड सहित अन्य साइबर अपराधों की जांच एवं त्वरित कार्रवाई में और अधिक मजबूती आएगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साइबर थाना स्थापित होने के बाद आमजन को साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में बेहतर और त्वरित सुविधा प्राप्त होगी।
