इटावा। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू ने आज जिलाधिकारी इटावा को अवगत कराते हुए आरोप लगाया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के मानकों के विपरीत 60 किलोमीटर की दूरी में दो टोल प्लाजा संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने जनपद के पहले बख्तियारपुरा (गंगापुरा) टोल प्लाजा को बंद किए जाने की मांग की।

सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि इटावा–फर्रुखाबाद मार्ग पर चौबिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुरा–बख्तियारपुरा चौराहा स्थित एनएचएआई द्वारा निर्मित टोल प्लाजा बिना मानकों के शुरू कर दिया गया है। यह टोल प्लाजा अंशिका इंटरप्राइजेज, बनारस की कंपनी को तीन महीने के ट्रायल के आधार पर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि एनएचएआई के नियमों के अनुसार किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 60 किलोमीटर की दूरी के बाद ही दूसरा टोल प्लाजा बनाया जा सकता है, जबकि इस टोल प्लाजा से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर मध्य प्रदेश के जनपद भिंड के बरही में पहले से टोल प्लाजा संचालित है।
सपा नेताओं का आरोप है कि टोल प्लाजा शुरू करने में अत्यधिक जल्दबाजी की गई है। इटावा और टोल प्लाजा के बीच दतावली नहर पुल तथा लुहिया नहर पुल पर अभी निर्माण कार्य चल रहा है, वहीं आगे भी कई पुलों का निर्माण जारी है। ऐसे में अधूरे निर्माण कार्य के बीच टोल वसूली शुरू करना नियमों के विपरीत है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि जनहित में इस टोल प्लाजा की वसूली तत्काल रोकी जाए, अन्यथा आम जनता को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।
इस अवसर पर ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ नेता उदयभान सिंह यादव, सर्वेश शाक्य, प्रवक्ता विक्की गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष उमेश राजपूत डुल्ले, जिला सचिव प्रवीण कुशवाहा, डॉ. संतोष राठौर, प्रशांत शाक्य, राजेश यादव, अंकुर यादव सहित कई सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
