जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकों के क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशियो, विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति तथा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सीडी रेशियो सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी बैंक इसकी वृद्धि पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि जिन बैंकों का सीडी रेशियो कम है, उनमें तत्काल सुधार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद से जमा के रूप में प्राप्त धन का उचित अनुपात में ऋण वितरण भी स्थानीय स्तर पर होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि धन का स्वभाव गतिशील होता है और इसे आर्थिक गतिविधियों में प्रवाहित रहना चाहिए। इसके लिए बैंकों को अधिक से अधिक ऋण वितरण सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने विशेष कैंप आयोजित कर ऋण वितरण बढ़ाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उन्होंने **पीएम सूर्य घर योजना** के अंतर्गत लंबित ऋण प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत करने को कहा। वहीं **पीएम स्वनिधि योजना** में लंबित आवेदनों को जल्द निस्तारित करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को निर्देशित किया। साथ ही पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी), एसबीआई समेत अन्य बैंकों में लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत भी पात्र लाभार्थियों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने और लंबित प्रकरण समाप्त करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने में सरकार का महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए बैंकों की भी जिम्मेदारी है कि वे जनहित में ऋण वितरण को बढ़ावा दें और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने बताया कि आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण के लिए दो सप्ताह की समयसीमा निर्धारित है, जिसके बाद मामला डिफॉल्ट श्रेणी में चला जाता है और जनपद की रैंकिंग प्रभावित होती है। उन्होंने बैंकों को निर्देश दिया कि वे अपनी आख्या निर्धारित समय में और बैंक के लेटरहेड पर ही उपलब्ध कराएं।
बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों को भी शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योगआत्मदेव शर्मा समाज कल्याण अधिकारी (विकास) प्रिया शर्मा जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) सतीश कुमार सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
