एससीएसटी आयोग सदस्य रमेशचंद्र कुंडे ने सुनील व जितेन्द्र को बनाया अपना दल (एस) जोन अध्यक्ष, संगठन विस्तार पर दिया जोर

इटावा। एससीएसटी उत्तर प्रदेश आयोग के सदस्य एवं अपना दल (एस) इटावा प्रभारी रमेशचंद्र कुंडे जालौन से इटावा पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सुनील कुमार वर्मा एवं जितेन्द्र प्रजापति को अपना दल (एस) का जोन अध्यक्ष मनोनीत किया।
इटावा आगमन पर कुंडे सबसे पहले अपना दल (एस) के विधानसभा अध्यक्ष मुकेश कुमार के आवास विकास कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी स्वर्गीय माताजी तथा पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सोने लाल पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित बैठक में संगठन विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।
नवनियुक्त जोन अध्यक्षों सुनील कुमार वर्मा और जितेन्द्र प्रजापति का रमेशचंद्र कुंडे एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. हरीशंकर पटेल ने संयुक्त रूप से बैज लगाकर, माल्यार्पण कर तथा पार्टी पट्टिका पहनाकर स्वागत किया। कुंडे ने आगामी पंचायत चुनाव में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए मजबूती से चुनाव लड़ने का आह्वान किया। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से पूरे जोश के साथ जुटने का संदेश दिया।
उन्होंने प्रत्येक जोन के अंतर्गत चार-चार सेक्टर अध्यक्ष बनाए जाने पर जोर देते हुए अगले माह पार्टी कार्यालय खोलकर नियमित मासिक बैठकें आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सर्वसम्मति बनी।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. हरीशंकर पटेल ने पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अनुप्रिया पटेल का इटावा में कार्यक्रम आयोजित कराने पर बल दिया। विधानसभा अध्यक्ष मुकेश कुमार ने पार्टी निर्देशों के पालन का आश्वासन देते हुए सभी आगंतुक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया तथा बैठक के समापन की घोषणा की।
बैठक में कार्यालय प्रभारी विनोद पटेल (कानपुर), कार्यवाहक जिला अध्यक्ष हरिओम सिंह चौहान, जिला सचिव डॉ. सुधीर सविता, अनुपम पटेल, इंजीनियर राजेश कुमार वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन एडवोकेट अमित चौरसिया ने किया।
इस अवसर पर निखिल सविता, हामिद अंसारी, मु. सोहिल, हिसाम, सैक, आमिर, उमर, सुफियान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
