‘अजयन्ते मरणम्: ओरु केस स्टडी’, जिसे निर्देशक श्रीहरि हरिदास ने बनाया है, आज गोवा में आयोजित 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के इंडियन पैनोरमा – न्यू होराइजन्स खंड में प्रदर्शित हुआ।
पीआईबी द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन में हरिदास ने अपनी पहली फीचर फिल्म को दर्शकों से मिली प्रतिक्रिया के लिए आभार व्यक्त किया और बताया कि महोत्सव में दर्शकों की इतनी उत्साहजनक उपस्थिति की उम्मीद नहीं थी।
फिल्म को अजयन् के इर्द-गिर्द केंद्रित एक चरित्र अध्ययन के रूप में वर्णित करते हुए हरिदास ने कहा कि इसमें मॉक्यूमेंट्री शैली अपनाई गई है, जो मलयालम सिनेमा में अपेक्षाकृत कम इस्तेमाल की गई शैली है। उन्होंने स्वीकार किया कि शूटिंग और निर्माण के दौरान इस शैली को अपनाने से कई चुनौतियाँ सामने आईं।
कहानी अजयन् की कहानी आर्यन के माध्यम से सामने आती है, जो एक महत्वाकांक्षी फिल्म निर्माता है और अजयन् के जीवन व मृत्यु से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल करता है। हरिदास ने बताया कि आर्यन के चरित्र को विकसित करते समय उन्होंने अपने व्यक्तित्व के कुछ पहलुओं को भी इसमें शामिल किया और अपने तथा अजयन् के बीच समानताओं को स्वीकार किया।
पटकथा के विषय में हरिदास ने बताया कि पहला प्रारूप एक सप्ताह में पूरा कर लिया था, और अंतिम पटकथा तैयार करने में लगभग एक महीने का समय लगा। उन्होंने कहा कि अन्य पात्रों के अनुभवों को तलाशने के लिए एक केंद्रीय पात्र को कथानक के माध्यम के रूप में इस्तेमाल करना उनकी पसंदीदा शैली है।
हरिदास ने फिल्म को मलयालम फिल्म उत्तरम् के प्रति एक श्रद्धांजलि बताया और स्वीकार किया कि इस फिल्म ने उनके निर्देशन के इस प्रयास को प्रभावित किया है।
फिल्म के लक्षित दर्शकों और रिलीज की योजनाओं के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि इसकी परिकल्पना मुख्य रूप से फिल्म महोत्सवों के लिए की गई थी और टीम पारंपरिक सिनेमाघरों में रिलीज करने के बजाय महोत्सवों को मंच के रूप में देख रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन गोपिका ने किया।

भारतीय जनता पार्टी (BJP)
समाजवादी पार्टी (SP)
बहुजन समाज पार्टी (BSP)
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Congress)