भारतीय डाक ने 16वें वित्त आयोग चक्र (वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31) के तहत डाक परिचालन योजना और संपदा प्रबंधन योजना के लिए कुल 2,632 करोड़ रुपये का वित्तीय परिव्यय प्राप्त किया है, जिसे केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है।
इस परिव्यय में डाक परिचालन योजना के लिए 1,141 करोड़ रुपये और संपदा प्रबंधन योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपये शामिल हैं। दोनों योजनाओं को जारी रखने की मंजूरी केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दी है।
इन पहलों की जानकारी एक संवाददाता सम्मेलन में दी गई, जिसे केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी और डाक सचिव सुब्रत दास ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री ने देशभर के डाकघरों को आधुनिक और नागरिक-केंद्रित सेवा केंद्रों के रूप में विकसित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया और डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए वित्तीय परिव्यय को मंत्रिमंडल की मंजूरी दिलाने में प्रधानमंत्री के सहयोग की सराहना की।
डाक सचिव ने विभाग की विकास यात्रा, भविष्य की कार्ययोजना और बजटीय आवंटन के विभाजन की विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने एकीकृत बीमा प्रबंधन प्रणाली (आईएमएस) के परिवर्तनकारी प्रभाव को रेखांकित किया, जिसके माध्यम से पीएलआई पॉलिसी खरीदने की पूरी प्रक्रिया लगभग 20 मिनट में पूरी की जा सकती है। इस पहल के तहत अब तक लगभग 2 लाख ग्राहकों के प्रीमियम लेन-देन की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे करीब 60 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
साथ ही डाक सचिव ने डेटा एनालिटिक्स टीम, सिक्स सिग्मा टीम और मुख्य विपणन अधिकारी की भूमिका पर जोर देते हुए नवाचार और विकास के प्रति विभाग के संस्थागत दृष्टिकोण को उजागर किया। छह प्रमुख कार्यक्षेत्रों के साथ मिलकर ये टीमें नए उत्पादों और सेवाओं के विकास, राजस्व अर्जित करने के अवसरों की पहचान और सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर ध्यान केंद्रित करती हैं।
विभाग की विकास संबंधी महत्वाकांक्षाओं को दोहराते हुए डाक सचिव ने वित्त वर्ष 2026-27 में भारतीय डाक का वार्षिक राजस्व बढ़ाकर लगभग 19,803 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य प्रस्तुत किया। यह लक्ष्य परिचालन दक्षता में सुधार, पार्सल और लॉजिस्टिक्स सेवाओं के विस्तार, प्रौद्योगिकी को अपनाने तथा ग्राहकों के साथ बेहतर जुड़ाव के माध्यम से हासिल किया जाएगा।
डाक परिचालन योजना के तहत 1,141 करोड़ रुपये ग्रामीण डाक सेवाओं तक पहुंच, डाक नेटवर्क का अनुकूलन, पार्सल नेटवर्क का अनुकूलन, अंतरराष्ट्रीय डाक अवसंरचना, विपणन एवं सेवा गुणवत्ता तथा डाक टिकट संग्रह (फिलेटली) से संबंधित गतिविधियों पर केंद्रित हैं।
संपदा प्रबंधन योजना के 1,491 करोड़ रुपये के तहत 190 नए विभागीय डाक भवनों का निर्माण, 50 भवनों का पुनर्निर्माण, 2,550 विभागीय उप-डाकघरों का नवीनीकरण और ब्रांडिंग, 2,500 किराए के डाकघरों का उन्नयन तथा 20 ऐतिहासिक डाक भवनों का संरक्षण, 150 आवासीय कॉलोनियों का नवीनीकरण और बेंगलुरु में सीईपीटी के लिए एक स्थायी एकीकृत प्रौद्योगिकी केंद्र के विकास में सहायता शामिल है।

भारतीय जनता पार्टी (BJP)
समाजवादी पार्टी (SP)
बहुजन समाज पार्टी (BSP)
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Congress)