इटावा। जनपद इटावा के विकास खण्ड बढ़पुरा की ग्राम पंचायत कांधनी में संचालित पी.एम. श्री कम्पोजिट विद्यालय का 05 फरवरी 2026 को औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षिक, प्रशासनिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितताएँ और लापरवाही सामने आईं।

निरीक्षण में शासकीय ग्रांट से संबंधित अभिलेख एवं रजिस्टर प्रस्तुत न किए जाने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता अत्यंत निम्न पाए जाने, पुस्तकालय व कम्प्यूटर लैब में अव्यवस्था, विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की दयनीय स्थिति, मध्यान्ह भोजन के समय बच्चों के बैठने की समुचित व्यवस्था न होने, आंगनवाड़ी शौचालय बंद पाए जाने तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन न होने जैसे कई गंभीर तथ्य उजागर हुए।
इन परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक/सहायक अध्यापक अहसान अहमद एवं वर्तमान प्रधानाध्यापिका शाहीन बेगम को विद्यालय की अव्यवस्थाओं के लिए पूर्णतः उत्तरदायी ठहराया गया है। दोनों कार्मिकों का फरवरी 2026 माह का वेतन अग्रिम आदेशों तक तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, इटावा को बिना अनुमति वेतन आहरण न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त विद्यालय में प्राप्त शासकीय ग्रांट से संबंधित समस्त अभिलेख अद्यतन कराने, निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की संयुक्त तकनीकी जाँच कराने तथा विद्यालय में व्यापक सुधार सुनिश्चित करने के लिए अनिवार्य सुधारात्मक निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या पुनः लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध और भी कठोर अनुशासनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
