जिलाधिकारी इटावा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण इटावा द्वारा पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद स्तरीय एनसीओआरडी (NCORD) समिति की गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध भंडारण एवं नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नशा मुक्त जनपद बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कहा कि एनसीओआरडी के माध्यम से सूचना संकलन, निगरानी एवं त्वरित कार्यवाही को और अधिक मजबूत किया जाए। साथ ही, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने पर जोर दिया गया।
गोष्ठी में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जनपद को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
