शनिवार को इटावा जंक्शन पर जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12308) के इंजन में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सराय भूपत रेलवे स्टेशन के पास लोको पायलट को इंजन से असामान्य आवाज सुनाई देने पर सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रेन को इटावा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर रोक दिया गया।

रेलवे इंजीनियरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर इंजन की जांच की। जांच में तकनीकी खराबी की पुष्टि होने के बाद ट्रेन को आगे नहीं बढ़ाया गया। इस कारण ट्रेन करीब दो घंटे तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

इंजन खराबी के चलते प्लेटफार्म नंबर तीन से होकर गुजरने वाली अन्य ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर चार से धीमी गति से निकाला गया ताकि संचालन पर असर न पड़े। बाद में रेल प्रशासन ने राहत कार्य शुरू करते हुए प्लेटफार्म नंबर छह पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन निकालकर जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस में लगाया। इंजन बदलने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को दोपहर 1:15 बजे इटावा से रवाना किया गया।
इस दौरान स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। कई यात्री अपनी आगे की यात्रा के छूटने की चिंता में इधर-उधर भटकते रहे। एक यात्री ने बताया कि वह छठ पर्व मनाने घर जा रहे थे, लेकिन ट्रेन में देरी से परेशानी बढ़ गई। वहीं एयरफोर्स जॉइनिंग के लिए जा रहे एक अन्य यात्री ने कहा कि ट्रेन की देरी से उनकी आगे की यात्रा प्रभावित होगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंजन में आई तकनीकी दिक्कत को ठीक करने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया गया है।
