महर्षि वाल्मीकि जयंती के शुभ अवसर पर नगर के बत्तख तलैया स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया। इस मौके पर संस्कृति विभाग के सहयोग से मंदिर के जीर्णोद्धार एवं विधायक निधि के माध्यम से सड़क निर्माण कराने का संकल्प लिया गया।

मंदिर प्रांगण में श्री अखंड रामायण पाठ भी आरंभ किया गया है, जिसमें नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का अनुरोध किया गया।

कार्यक्रम में सदर विधायक सरिता भदौरिया और जिलाधिकारी सुभ्रांत कुमार शुक्ल विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों और उनके समाज सुधारक योगदान को याद करते हुए कहा कि वाल्मीकि जी की शिक्षाएं आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रही हैं।

मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ जयंती समारोह को उत्सवमय बना दिया।
