सदर विधायक सरिता भदौरिया ने पी.एम. उच्च प्राथमिक विद्यालय कांधनी में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित शिक्षक दिवस सप्ताह कार्यक्रम का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों और महिलाओं के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विधायक भदौरिया ने कार्यक्रम में 6 माह पूर्ण कर चुके शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार करवाया और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में पोषण, शिक्षा और संस्कारों को बढ़ावा देने के साथ ही जनजागरूकता का भी कार्य करते हैं।

उन्होंने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षकों को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत कार्य करने का आह्वान किया। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्रामवासी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

