महिलाओं की शिकायत का निस्तारण होने के बाद भी पुलिस अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेगी। शिकायत के समाधान के बाद अगले तीन माह तक हर 15 दिन में फोन कर पीड़ित महिला से फीडबैक लिया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उसे दोबारा किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की निगरानी तेज करने तथा क्षेत्र के अपराधियों की सूची तैयार करने के निर्देश एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने ऊसराहार थाने के निरीक्षण के दौरान दिए।
रविवार को एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने ऊसराहार थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं, अभिलेखों, मिशन शक्ति केंद्र और मालखाने का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार मिश्रा को निर्देश दिए कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों को चिह्नित कर उनकी अद्यतन सूची तैयार की जाए। ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और उनकी आपराधिक प्रवृत्ति के अनुरूप निरोधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसएसपी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। पूरे जनपद में आपराधिक इतिहास वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। यक्ष ऐप की डिजिटल प्रणाली के जरिए सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध होने से पहले ही प्रभावी कदम उठाकर कानून व्यवस्था बनाए रखना है। संवेदनशील क्षेत्रों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है।
एसएसपी ने महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण को लेकर विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाने में नवनिर्मित मुख्य प्रवेश द्वार और मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन भी किया। मिशन शक्ति केंद्र में रखे फीडबैक रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। रजिस्टर के व्यवस्थित रखरखाव और शिकायतों के फीडबैक की प्रक्रिया को देखकर उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र की टीम की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से दर्ज किया जाए और उसके निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए।
वहीं, मालखाने के निरीक्षण के दौरान सामान के रखरखाव पर एसएसपी ने असंतोष जताया। एएसपी ग्रामीण श्रीश्रन्द्र ने निर्देश दिए कि मालखाने में रखे जाने वाले सभी सामान को अलग-अलग श्रेणियों में व्यवस्थित कर अच्छी पैकिंग के साथ सुरक्षित रखा जाए। प्रत्येक वस्तु को निर्धारित स्थान पर रखा जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उसे आसानी से खोजा जा सके। मालखाने की साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मालखाने के कमरों का जीर्णोद्धार कराने की तैयारी की जा रही है। थाने में अतिरिक्त कमरे उपलब्ध न होने के कारण फिलहाल सामान इन्हीं कमरों में रखा गया है। एसएसपी ने थाने की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और परिसर में साफ-सफाई तथा पुताई कराने के निर्देश थानाध्यक्ष को दिए।
इस दौरान एएसपी ग्रामीण श्रीश्रन्द्र, क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य, केपी सिंह, अश्वनी कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
