भरथना- कस्बा क्षेत्र के मण्डी रोड पर सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे कृषि उत्पादन मण्डी समिति में फसल बिक्री कर नगदी लेकर पैदल घर लौट रहे एक किसान को एक बाइक सवार दो उच्चकों ने चकमा देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया, इसी बीच उसकी जेब में फसल बिक्री के रखे 48 हजार रूपए जेब काटकर पार कर लिये और उचक्के किसान को कुछ ही दूरी पर बाइक से उतार कर फुर्र हो गए।
ग्राम रमायन निवासी पीड़ित किसान तुलाराम शाक्य ने बताया कि सोवार की सुबह वह कृषि उत्पादन मण्डी समिति भरथना में फर्म गंगानारायण तिवारी की आढ़त पर अपनी फसल बिक्री कर प्राप्त नगदी 48 हजार रूपए जेब में सुरक्षित रखकर घर के लिए मण्डी से बाहर निकला था, इसी बीच एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया और मण्डी रोड पर कुछ दूरी पर उतार दिया। बाइक से उतरते ही जब उसने अपनी जेब पर हाथ रखा, तो जेब कटी होने के साथ रखी 48 हजार रूपए की नगदी गायब देखकर होश उड गये। बाइक सवार दो उचक्कों द्वारा किसान की जेब काटने के मामले में प्रभारी निरीक्षक अपराध अरिमर्दन सिंह ने बताया कि उक्त घटना के सम्बन्ध में अभी तक पुलिस को कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत आती है तो घटना की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
