भरथना (रिपोर्ट- तनुज श्रीवास्तव, 9720063658)- नगर पालिका परिषद भरथना कार्यालय के सामने सार्वजनिक सड़क पर बीचांेबीच अनाधिकृत रूप से तख्त, बेंच रखकर किए गए अतिक्रमण से आहत स्थायी दुकानदारों ने उपजिलाधिकारी को पत्र सौंपकर जल्द से जल्द उक्त मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराये जाने की पुरजोर माँग की। उक्त सम्बन्ध में पीडित दुकानदारों का कहना है कि सडक पर अवैध अतिक्रमण से उनका व्यापार प्रभावित होता है, जिसके सम्बन्ध में पूर्व में कई बार लिखित व मौखिक रूप से स्थानीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, किन्तु कुछ दिन सुधार होने के बाद स्थिति जैसी की तैसी हो जाती है।
दुकानदारों द्वारा उपजिलाधिकारी को सौंपे गये पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि कस्बा के मुहल्ला सब्जी मण्डी स्थित नगर पालिका कार्यालय के सामने सार्वजनिक रास्ते पर कई लोगों द्वारा तख्त व बेंच लगाकर कब्जा कर लिया गया है। सडक मार्ग पर काफी चौडाई में अतिक्रमण होने के कारण आम राहगीरों को आवागमन मेें बेहद परेशानियों का सामना करना पडता है। साथ ही हमारा व्यापार भी काफी प्रभावित होता है। कई बार अधिकारियों द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित कर दिया जाता है, किन्तु कोई प्रभावी कार्यवाही न होने के कारण स्थिति फिर वैसी ही हो जाती है। शिकायतकर्ताओं ने सार्वजनिक सडक पर किये गये अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटवाये जाने व नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही किये जाने की माँग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापारी रमेश चन्द्र सिन्धी, अमर सरदार, दिलीप सिंह सरदार, चाँद सरदार, अशोक चोपडा, गौरव पोरवाल, रविन्द्र शर्मा, धर्मेन्द्र यादव, हरिओम पोरवाल, भूरे पोरवाल सहित आधा सैकडा से अधिक दुकानदारों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
ज्ञातव्य होकि यदि स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधि पहल करें, तो उक्त मार्ग पर तख्त, बंेच लगाकर अतिक्रमण करके अपनी आजीविका चलाने वाले अस्थायी लोगों के लिए कस्बा के सब्जी मण्डी स्थित पुरानी तहसील आवास परिसर व जवाहर रोड मस्जिद के सामने स्थित आवास परिसर सहित मिडिल स्कूल में निर्मित टिनशैड में काफी जगह रिक्त पडी हैं, जहाँ यदि इन छोटे फड वाले दुकानदारों को कुछ जगह चिन्हित कर अस्थायी तौर पर आवंटित कर दी जाये, तो इनकी आजीविका भी प्रभावित नहीं होगी।
