12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार 21 जून 2026 को इटावा के नुमाइश पंडाल में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सदर विधायक सरिता भदौरिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा ने भी सहभागिता की।
योग कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए, जिनका सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अभ्यास किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन को स्वस्थ रखने के साथ-साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इटावा पुलिस ने भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं निरोगी समाज के संकल्प के साथ हुआ।
