इटावा। केंद्र सरकार के सफल एवं जनसेवा को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ब्लॉक महेवा की ग्राम पंचायत शेरपुर में आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में भाजपा नेता अन्नू गुप्ता ने सहभागिता कर ग्रामीणों को संबोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान अन्नू गुप्ता ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
ग्राम चौपाल में उपस्थित लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को भी सुना। साथ ही संबंधित विषयों पर समाधान और आवश्यक कार्रवाई को लेकर चर्चा की गई।
अन्नू गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम देशभर में देखने को मिल रहे हैं।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
