जनपद इटावा में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में धर्मवीर प्रजापति की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से आयोजित लाइव प्रसारण के माध्यम से जुड़ा रहा, जिसमें योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत 90 हजार लाभार्थियों को प्रथम किश्त जारी की गई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लोकभवन से डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से कुल 900 करोड़ रुपये की अनुदान राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। “उत्तर प्रदेश में वंचितों का सम्मान, हर गरीब को अपना मकान” की संकल्पना को साकार करते हुए यह पहल गरीबों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
इस अवसर पर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद में भी पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जा रहा है और आज 30 लोगों को पहली किस्त प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली, पानी, आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा भी प्रदान की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचे, जिसके लिए डीबीटी प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। सरकार का दायित्व है कि वह हर नागरिक की आवश्यकताओं को पूरा करे और उसे सम्मानजनक जीवन प्रदान करे।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष कृपा नारायण तिवारी, महामंत्री शिवाकांत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, क्षेत्राधिकारी (सिटी) एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
यह आयोजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
