वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के निर्देशन में जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद के समस्त थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत मय पुलिस बल के संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग की गई। पुलिस कर्मियों ने दोपहिया व चारपहिया वाहनों की जांच करते हुए वाहन चालकों से आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सत्यापित की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान का उद्देश्य अपराधों पर अंकुश लगाना, असामाजिक तत्वों में भय का वातावरण बनाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा पुलिस कार्यवाही में सहयोग करें।
