इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा नए पदाधिकारियों के लिए परिचय पत्र वितरण, नियुक्ति पत्र वितरण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकार, पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यह आयोजन पत्रकार हितों, एकजुटता एवं संगठन की मजबूती को समर्पित रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चित्रकूट धाम से पधारे महामंडलेश्वर राजेंद्र दास महाराज, विट्ठल आश्रम इटावा के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर शिवम महाराज तथा राष्ट्रीय जय मां काली सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल गुरु जी महाराज उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुशील कुमार ने शिरकत की।

चित्रकूट धाम से पधारे महामंडलेश्वर राजेंद्र दास महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है और सत्य व धर्म के मार्ग पर चलकर समाज को सही दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने पत्रकारों से अपेक्षा जताई कि वे अपनी लेखनी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएं।

विट्ठल आश्रम इटावा के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर शिवम जी महाराज ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और यदि यह स्तंभ मजबूत रहेगा तो समाज और राष्ट्र भी सशक्त रहेगा। उन्होंने संगठन द्वारा पत्रकारों को सम्मानित करने की पहल की सराहना की। राष्ट्रीय जय मां काली सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल गुरु महाराज ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होता है और जनता की पीड़ा को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुशील कुमार ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने नए पदाधिकारियों से निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहित में पत्रकारिता करने का आह्वान किया तथा संगठन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान संगठन के नए पदाधिकारियों को परिचय पत्र एवं नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही समाज एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले मान्यता प्राप्त स्वतंत्र पत्रकार गणेश ज्ञानार्थी, वरिष्ठ पत्रकार खादिम अब्बास, अतुल वी.एन. चतुर्वेदी, अमित मिश्रा, विष्णु राठौर, करन यादव, विनीत कुमार, असित यादव, अनिल चौधरी, रघुवीर यादव, इदरीश, कुलदीप, रवि कुमार, पवन मिश्रा एडवोकेट सहित अनेक पत्रकारों को माल्यार्पण एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सुघर सिंह, प्रदेश महासचिव मसूद तैमूरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मु. आमीन भाई, कानपुर मंडल अध्यक्ष पुष्पराज, मंडल उपाध्यक्ष राजीव यादव, जिला प्रभारी सर्वेन्द्र कुशवाहा, जिलाध्यक्ष सैफ तैमूरी, जिला महिला विंग विनीता यादव, जिला उपाध्यक्ष सत्य नारायण राजपूत, कुलदीप कश्यप, जिला सचिव पंकज राठौर सहित लगभग एक सैकड़ा पत्रकारों को परिचय पत्र एवं नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के अंत में शपथग्रहण कराया गया तथा राष्ट्रहित और पत्रकार एकता के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ।
