जिलाधिकारी इटावा शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सादगीपूर्ण ढंग से मनाए जाने हेतु तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि 26 जनवरी को प्रातः 8:30 बजे सभी सरकारी भवनों एवं कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा। गणतंत्र दिवस एक राष्ट्रीय पर्व है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया गया कि शहर में अनाउंसमेंट के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा गौशालाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को गांवों में वॉलीबॉल प्रतियोगिता, मुनादी एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस समारोह सादगी एवं गरिमा के साथ मनाया जाएगा। 25 जनवरी की रात्रि में सरकारी भवनों एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक इमारतों को प्रकाशमान किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता एवं साम्प्रदायिक सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।

26 जनवरी को शहर में महापुरुषों की मूर्तियों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, मार्गों एवं सड़कों की साफ-सफाई नगर पालिका इटावा, भरथना, जसवंतनगर तथा नगर पंचायत इकदिल, बकेवर एवं लखना में संबंधित अधिशासी अधिकारियों द्वारा कराई जाएगी। इटावा नगर में पुरबिया टोला, तलैया मैदान सहित ऐतिहासिक स्थलों की सफाई विशेष रूप से कराई जाएगी। मलिन बस्ती नौरंगाबाद (बाल्मीकि बस्ती) एवं अजीत नगर में पहले से सफाई कराए जाने के निर्देश दिए गए। मलिन बस्ती में प्रातः 10 बजे मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा मेडिकल कैंप लगाया जाएगा तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के प्रमुख चौराहों—रेलवे स्टेशन, शास्त्री चौराहा, नौरंगाबाद चौराहा, पक्काबाग चौराहा एवं विजय नगर चौराहा—पर लाउडस्पीकर के माध्यम से राष्ट्रीय गीत बजवाए जाएंगे। नुमाइश के पास स्थित पार्क की सजावट नगर पालिका द्वारा की जाएगी तथा बड़े होटलों में राष्ट्रीय गीत बजाने की व्यवस्था खाद्य एवं औषधि निरीक्षक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रमों की समय-सारिणी के अनुसार प्रातः 7:30 बजे शिक्षण संस्थाओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रातः 8:30 बजे समस्त सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं संविधान में उल्लिखित संकल्प का वाचन होगा। प्रातः 9:30 बजे पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस परेड आयोजित की जाएगी। प्रातः 10 बजे शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण तथा स्टेडियम में 5 किमी महिला एवं पुरुष दौड़ सहित अन्य खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। प्रातः 11:30 बजे जिला कारागार में विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा फल वितरण, 11:40 बजे नारी निकेतन एवं विशेष राजकीय गृह (किशोर) में फल वितरण, 12:30 बजे टीबी अस्पताल में मरीजों को फल वितरण किया जाएगा। अपरान्ह 3 बजे एनसीसी, स्काउट-गाइड, पीआरडी, होमगार्ड, युवक मंगल दल आदि का संयुक्त रूट मार्च निकाला जाएगा।
अंत में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि पंचायती राज अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं तथा 26 जनवरी तक शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं देशभक्ति गीतों की व्यवस्था की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
