सर मदनलाल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के डी.फार्मा पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने ग्लिवर्ट हेल्थकेयर, कानपुर का शैक्षिक औद्योगिक भ्रमण सफलतापूर्वक सम्पन्न किया। यह भ्रमण संस्थान के निदेशक डॉ. यू. एस. शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को फार्मास्युटिकल उद्योग की कार्यप्रणाली से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना था।

औद्योगिक इकाई में प्रवेश से पूर्व उद्योग टीम द्वारा एक जानकारीपूर्ण पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को कंपनी, उसके उत्पादों तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इससे छात्रों को औद्योगिक प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण एवं मानकों की स्पष्ट समझ प्राप्त हुई।

इस अवसर पर संस्थान के फैकल्टी सदस्य सुबोध बाबू, प्रियंका सक्सेना, शिवम, शहवाज एवं सुश्री निहारिका भदौरिया विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा कार्यक्रम के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संस्थान के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव ने ग्लिवर्ट हेल्थकेयर की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। उन्होंने उद्योग निदेशक दीपक पोर्वाल, अभिषेक पोर्वाल एवं करुणेश पोर्वाल को विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए उनके सहयोग की सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर बताया गया कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक अनुभव से जोड़ते हैं, जिससे उनके समग्र विकास में उल्लेखनीय सहायता मिलती है।
