जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के उसराहार में रविवार की शाम रामलीला समिति द्वारा आयोजित भव्य रामलीला का शुभारम्भ जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने फीता काटकर एवं भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी की प्रतिमाओं पर पूजा-अर्चना कर किया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि रामलीला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम भी है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संस्कृति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को सशक्त करते हैं।

शुभारम्भ के बाद मंचन में राम जन्म और ताड़का वध जैसे मनोहारी प्रसंगों का सुंदर प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसे देखकर उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

