राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कल, 11 जनवरी को पक्का तालाब पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के संयोजक, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमित दीक्षित ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि पिछले वर्ष 1 लाख 21 हजार दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया था, जबकि इस वर्ष 1 लाख 51 हजार दीप जलाने की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि पक्का तालाब के चारों तटों पर दीप जलाने के लिए 1100 कार्यकर्ताओं की 28 वाहिनी तैयार की गई है। इसके अतिरिक्त हजारों स्वयंसेवक इस आयोजन में सहयोग करेंगे।

कार्यक्रम के सह संयोजक और जिला मंत्री भानु प्रताप ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान भजन संध्या का भी आयोजन होगा। शाम 4 बजे से भारत सरकार द्वारा अधिकृत साधौ बैंड द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया शामिल होंगे। इसके अलावा पिलुआ मंदिर के महंत हरभजन दास और काली बाड़ी के महंत सुविधानंद महाराज अपने आशीर्वचन देंगे। प्रेसवार्ता के दौरान बजरंग दल के जिला संयोजक अभिनव चौधरी भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने भक्तों से इस भव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
