कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पंजाब के तरनतारन जिले के ग्राम बूह हवेलियों में आयोजित किसान चौपाल में भाग लिया। चौपाल में उन्होंने किसानों के साथ बैठकर उनकी समस्याएँ और सुझाव सुने तथा पराली जलाए बिना आधुनिक खेती करने वाले प्रगतिशील किसानों और पंचायतों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि वे कोई बड़ी राजनीतिक सभा नहीं कर रहे, बल्कि एक सेवक के रूप में किसानों के बीच बैठकर उनकी बात समझने आए हैं। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार से किसानों के हित में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया और मोदी सरकार की किसान हितैषी नीतियों तथा एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीद की प्रतिबद्धता को दोहराया।
किसान चौपाल को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने भावुक और आत्मीय अंदाज में कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके पूरे देश का पेट भरता है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि मंत्री पद किसी अहंकार के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए मिला है और उनके लिए किसानों की सेवा ही सतगुरु भगवान की पूजा है।
उन्होंने हरित क्रांति के दौरान पंजाब के किसानों के योगदान को याद करते हुए बताया कि आज अत्यधिक रासायनिक खाद, कीटनाशक और पराली जलाने के कारण धरती माता की सेहत बिगड़ रही है। उन्होंने बूह हवेलियों और आसपास के किसानों द्वारा पिछले छह वर्षों से पराली न जलाने तथा हैप्पी सीडर व डायरेक्ट सीडिंग अपनाने की सराहना करते हुए कहा कि इस गांव ने ‘खेत बचाओ अभियान’ की नई दिशा दिखाई है।
संवाद के दौरान प्रगतिशील किसान सरदार सुखविंदर सिंह (किरतोवाल), सरदार जतिंदर सिंह (मुंडा पिंड) और पूर्व सरपंच सरदार गुरनाम सिंह ने पराली प्रबंधन में आ रही व्यावहारिक दिक्कतें और बेलर मशीनों की सब्सिडी से जुड़े सुझाव रखे। शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के सुझावों पर गंभीरता दिखाते हुए उन्हें दिल्ली बुलाकर विस्तार से चर्चा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार इस वर्ष सीआरएम (फसल अवशेष प्रबंधन) के लिए लगभग 286 करोड़ रुपये राज्य सरकार को दे रही है, जबकि मशीनें खरीदने और गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी राज्य शासन की है।
फसल बीमा योजना और विविधीकरण पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए उत्पादन बढ़ाने, लागत घटाने और फसलों के विविधीकरण के साथ पशुपालन, मछली पालन व मुर्गी पालन जैसी एकीकृत खेती अपनानी होगी। उन्होंने बताया कि पंजाब में अभी तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू नहीं की गई है और बाढ़ के समय भी उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसे लागू करने का आग्रह किया था। कार्यक्रम के पश्चात उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि धान और गेहूं की एमएसपी पर पूरी खरीद केंद्र सरकार ही करती है, जबकि दलहन और कपास की एमएसपी पर खरीद मोदी सरकार की गारंटी है।

भारतीय जनता पार्टी (BJP)
समाजवादी पार्टी (SP)
बहुजन समाज पार्टी (BSP)
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Congress)