25 नवंबर 2026 को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संविधान दिवस की तैयारियों पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य 26 नवम्बर 2026 को होने वाले संविधान दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करना और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश देना था। जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगा और मुख्य कार्यक्रम लोक भवन स्थित सभागार में आयोजित किया जाएगा।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेश के समस्त जनपदों के सरकारी कार्यालयों, नगरीय निकायों, जिला पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों एवं ग्राम पंचायतो में सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम में संविधान से संबंधित वृत्तचित्र का प्रसारण भी किया जाएगा।
संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन राज्य के समस्त जिला मुख्यालयों, सरकारी कार्यालयों, नगरीय निकायों, तहसीलों, पंचायतों और गाँवों में किया जाना है तथा इनके वीडियो वेबसाइट www.constitution75.com पर अपलोड किए जाएँगे। नागरिकों को व्यक्तिगत या सामूहिक रूप से प्रस्तावना वाचन करने और उसे वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इसके अलावा ऑनलाइन संविधान दिवस क्विज (MyGov.in पर उपलब्ध) में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रदेश के समस्त स्कूलों और कॉलेजों द्वारा प्रभात फेरियों का आयोजन किया जाएगा। शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में शिक्षकों द्वारा पूर्वान्ह में प्रस्तावना वाचन तथा अपरान्ह में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों की तैयारियाँ समय पर पूर्ण कर शासन के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

भारतीय जनता पार्टी (BJP)
समाजवादी पार्टी (SP)
बहुजन समाज पार्टी (BSP)
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Congress)