भरथना- बीते दिनोें कृषि उत्पादन मण्डी समिति भरथना में धान की बिक्री करके घर लौट रहे किसान को बाइक सवार दो युवकों द्वारा झांसा देकर बाइक पर बैठाने व उसकी जेब काटकर धान बिक्री के 48600 रूपया पार कर लिये जाने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश प्रभारी निरीक्षक (अपराध) अरिमर्दन सिंह को निलम्बित कर दिया गया है।
ज्ञातव्य होकि थाना क्षेत्र के ग्राम रमायन निवासी कृषक तुलाराम शाक्य बीते सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे धान बेंचने के लिए कृषि उत्पादन मण्डी समिति गया था तथा फसल बिक्री करके आढती से मिले 48600 रूपया लेकर पैदल अपने घर जा रहा था, कि तभी रास्ते में एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे बाइक पर बैठाकर गांव तक छोड देने का झांसा दिया। जिसके चलते किसान उनकी बाइक पर बैठ गया। रास्ते में उक्त बाइक सवारों ने किसान की जेब काटकर 48600 रूपया पार कर दिये और थोडी दूरी पर बहानेबाजी करके उसे बाइक से उतार दिया। युवकों के चले जाने पर जब उसने अपनी जेब देखी, तो जेब कटी व रूपये गायब थे। तुलाराम की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवारों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है। उक्त प्रकरण में क्राइम इंस्पेक्टर अरिमर्दन सिंह को निलम्बित कर दिया गया है।
