इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 29 सितंबर 2026 को हुई दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में डीएफओ विकास नायक के असामयिक निधन पर बुधवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान जनपद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

शोकसभा में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आईएएस कोमल पुनिया, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विकास नायक के निधन को अत्यंत दुःखद और अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके कार्यों एवं सेवाओं को स्मरण किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।
शोकसभा के दौरान उप कृषि निदेशक सतीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि श्री विकास नायक का असामयिक निधन प्रशासनिक एवं विभागीय स्तर पर भी एक बड़ी क्षति है। उनके निधन से सहयोगियों और परिचितों में शोक की लहर है।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरा प्रशासनिक परिवार उनके साथ है। सभी ने दिवंगत अधिकारी की आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
