इटावा। जनपद में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में व्यापक संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनपद के सभी थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ सक्रिय नजर आए।
पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और वाहनों की गहन जांच की। अभियान के दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। चेकिंग के दौरान लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।
इटावा पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, जिससे अपराधियों एवं अवांछनीय तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
