उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस) सैफई में प्रत्येक माह की तरह इस माह भी माननीय कुलपति की अध्यक्षता में ओपन हाउस फोरम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति, कुलसचिव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं चिकित्सा अधीक्षक ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके सकारात्मक समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फोरम के दौरान विभिन्न संवर्गों के कार्मिकों ने अपनी कार्य संबंधी समस्याओं एवं विसंगतियों को अधिकारियों के समक्ष रखा। इन समस्याओं के समाधान के लिए कुलपति ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं चिकित्सा अधीक्षक को एम्स नई दिल्ली तथा एसजीपीजीआई लखनऊ में प्रचलित कार्य-व्यवस्था और कार्यादेशों का अध्ययन कर उसी के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं लागू करने के मौखिक निर्देश दिए।
विश्वविद्यालय प्रशासन की इस पहल को कर्मचारियों ने सकारात्मक कदम बताते हुए स्वागत किया। कर्मचारियों का कहना है कि नियमित रूप से आयोजित होने वाले ओपन हाउस फोरम से उनकी समस्याओं को सीधे शीर्ष प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे उनके समाधान की प्रक्रिया भी तेज होती है।
कर्मचारी हित में लिए गए इस निर्णय से कार्मिकों में प्रसन्नता और संतोष का माहौल है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन, विशेष रूप से कुलपति द्वारा कर्मचारी कल्याण के प्रति दिखाई गई संवेदनशीलता की सराहना की।
