वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपद में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनपद के समस्त थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया।
इस दौरान प्रमुख चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सत्यापित की तथा वाहन चालकों के आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी देने के साथ-साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
इटावा पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इटावा पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
