ऊसराहार। थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हे के भाई समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सैफई रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ऊसराहार थाना क्षेत्र के नगरिया खनाबांध निवासी शिवकुमार की शादी मैनपुरी जनपद के हज्जापुर गांव में तय हुई थी। गुरुवार को शादी समारोह होना था। इसी सिलसिले में शिवकुमार का भाई सतीश कमल अपने साले कमलेश कुमार निवासी मलिकपुर, मैनपुरी तथा साढ़ू संजीव कुमार निवासी मुकटपुर, मैनपुरी के साथ बाइक से दुल्हन के लिए लहंगा देने हज्जापुर गांव गया था।

लहंगा देकर वापस लौटते समय उनकी बाइक ऊसराहार-भरथना मार्ग पर बहादुरपुर गांव के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक को सोनी पुत्री राकेश सिंह यादव निवासी पूरनपुरा चला रही थी। उसके साथ उसकी बहन की बेटी नेहा पुत्री अजय कुमार निवासी अंजनी, मैनपुरी भी बैठी थी।
हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सरसईनावर भेजा गया। वहां से हालत गंभीर होने पर सभी को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि दो बाइकों की भिड़ंत में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है
