लखनऊ। योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए बड़ा कदम उठाते हुए मेगा अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क कर लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सरकार की ओर से यह जन-जागरूकता अभियान 1 अप्रैल से शुरू किया जाएगा, जिसमें साफ-सफाई, जलजनित और मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर संक्रमण के प्रसार को रोकना है।
इस संबंध में एसपी गोयल ने सभी जिलाधिकारियों (डीएम) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशों के अनुसार जिलों में इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम स्तर तक सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत ग्राम प्रधानों, ग्राम विकास अधिकारियों, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाएगा, ताकि जागरूकता का संदेश हर घर तक पहुंच सके।
सरकार को उम्मीद है कि इस विशेष अभियान के माध्यम से संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सकेगा।
