उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद इटावा के नुमाइश पंडाल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक सरिता भदौरिया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने की।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से “नवनिर्माण के 9 वर्ष” वार्षिक पुस्तक के विमोचन का लाइव प्रसारण नुमाइश पंडाल में दिखाया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने देखा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सरिता भदौरिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों के साथ एक प्रेस वार्ता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

इस दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सेवायोजन विभाग के अंतर्गत चयनित युवाओं को नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरित किए।

अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते नौ वर्षों में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया गया है। साथ ही स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना एवं विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने मेडिकल सुविधाओं के विस्तार, एक्सप्रेसवे निर्माण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को मिले लाभों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं से महिलाओं की सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता में वृद्धि हुई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश को विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर रखने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

विधायक ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति और उन्नति की ओर बढ़ रहा है। सुशासन और पारदर्शिता के माध्यम से प्रदेश में नए युग का निर्माण हो रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, महामंत्री प्रशांत राव चौबे, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, एसपी सिटी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

