अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी मतदेय स्थलों पर नियुक्त बीएलओ (BLOs) के कार्यों में राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए (BLA) सहयोग करेंगे, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पहले से सूची में दर्ज है और वे स्थान परिवर्तन करना चाहते हैं, उन्हें फार्म-8 के माध्यम से ही संशोधन कराना होगा, न कि फार्म-6 भरना होगा।

उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में “नो मैपिंग” मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिनकी सुनवाई 21 जनवरी 2026 से जारी है। साथ ही लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी (Logical Discrepancy) के मामलों में भी निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इन मतदाताओं की सूची बूथ लेवल अधिकारियों के पास उपलब्ध है तथा पंचायत भवनों, मतदान केंद्रों और वार्डों में सार्वजनिक अवलोकन हेतु प्रदर्शित की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 23 फरवरी से 09 मार्च 2026 तक निस्तारित फार्मों की सूची प्रारूप-9, 10, 11, 11A एवं 11B जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। अब तक लगभग 86 प्रतिशत मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 30 से 36 हजार प्रकरण अभी भी लंबित हैं, जिनमें आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित मामलों का निस्तारण 27 मार्च 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। शेष प्रकरणों पर निर्णय भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से लिया जाएगा। “नो मैपिंग” से जुड़े मामलों में त्रुटियों को सुधारते हुए आवश्यकतानुसार नामों में संशोधन या विलोपन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है या जिनके दस्तावेज गलत पाए जाते हैं, उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। वहीं, शेष बचे मामलों पर भी तेजी से निर्णय लिया जा रहा है।
उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से इस पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और निर्वाचक नामावली को पूर्णतः त्रुटिरहित बनाया जा सके।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें भाजपा, समाजवादी पार्टी, बसपा एवं आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी शामिल रहे।
