इटावा। भारत विकास परिषद इटावा की तुलसी शाखा द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण विषयक महिला गोष्ठी एवं होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर शाखा के आगामी वर्ष के नवीन दायित्वधारियों का भी सर्वसम्मति से चयन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन तुलसी सदस्य शशि दीक्षित के अलकापुरी स्थित आवास पर किया गया, जिसमें महिलाओं में जागरूकता, स्वावलंबन और सामाजिक भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परिषद की प्रांतीय महिला संयोजिका स्नेहलता उमराव एवं शाखा अध्यक्ष डॉ. कैलाश चन्द्र यादव द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् गीत के साथ की गई।
मुख्य अतिथि स्नेहलता उमराव ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आगे बढ़ने के लिए शिक्षा और परिवार का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। बालिकाओं की शिक्षा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है और नई पीढ़ी को संस्कारित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

नीलिमा चौधरी ने कहा कि आज की नारी अबला नहीं बल्कि सबला है। समाज में मातृशक्ति के उत्थान और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देना हम सभी का दायित्व है। शाखा अध्यक्ष डॉ. कैलाश चन्द्र यादव ने कहा कि हर स्त्री में देवी का वास होता है। जब वह शिक्षा और संस्कार देती है तथा अन्याय के विरुद्ध खड़ी होती है, तब वह शक्ति स्वरूपा बन जाती है।
वरिष्ठ सदस्य प्रीतम खन्ना ने कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेटियों के साथ-साथ बेटों को भी संस्कारित करना आवश्यक है। संस्कारित समाज में मातृशक्ति को स्वतः ही सम्मान प्राप्त होता है।
कार्यक्रम संयोजक शशि दीक्षित ने नारी की महिमा पर आधारित भावपूर्ण गीत प्रस्तुत करते हुए कहा कि नारी की महिमा अनंत है और उसे सम्मान देने का संकल्प समाज को आगे बढ़ाता है।
इस अवसर पर आयोजित वार्षिक बैठक में सर्वसम्मति से आगामी वर्ष के लिए दायित्वधारियों का चयन किया गया। जिसमें डॉ. कैलाश चन्द्र यादव को अध्यक्ष, डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता को सचिव तथा श्रीमती मौसमी पाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा शमीम बेगम को उपाध्यक्ष तथा शशि दीक्षित को सह सचिव मनोनीत किया गया। बैठक में सदस्यों की सदस्यता संग्रह के लिए टीम गठन और दायित्व ग्रहण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
कार्यक्रम के अंत में होली मिलन समारोह के तहत सभी उपस्थित सदस्यों ने फाग गीतों के साथ एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और भाईचारे तथा उत्सव का संदेश दिया।
इस अवसर पर अनीता वर्मा, मंजू सिंह, आशा अग्निहोत्री, रंजना तिवारी, संगीता सिंह, रामदुलारी, नीता तिवारी, नीलिमा चौधरी, शमीम बेगम, मौसमी पाल, शशि दीक्षित, अंजू चौधरी, पंकज कुमार सिंह चौहान सहित अनेक सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
